मुंबई –सुबह शुरुआती कारोबार में तेजी के बाद आज शाम को बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दिन 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 50 अंकों की गिरावट के साथ 27,440 पर बंद हुआ जबकि 50 शेयरों वाला निफ्टी 7 अंकों की गिरावट के साथ 8,324 पर बंद हुआ। बेंचमार्क सूचकांक के अनुसार ज्यादातर शेयरों ने सपाट स्तर पर कारोबार किया जबकि ओएनजीसी और कोटक महिंद्रा बैंक ने गिरावट दर्ज की।
डॉलर के मुकाबले रुपये में भी कमजोरी दर्ज की गई। एशियन बाजारों में भी गिरावट का रुख रहा। शंघाई कम्पोजिट ने 4.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की। वहीं हेंग सेंग ने भी 1.3 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार किया। स्ट्रेट टाइम्स ने भी 0.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की। बीएसई में मेटल सूचकांक ने सबसे अधिक 2.9 फीसदी की बढ़त दर्ज की। इसके अलावा ऑयल ऐंड गैस, रियल्टी, हेल्थकेयर और एफएमसीजी ने भी मामूली बढ़त दर्ज की।
आईटी शेयरों में विप्रो ने 0.7 फीसदी की बढ़त दर्ज की जबकि इन्फोसिस, एचसीएल और टेक महिंद्रा ने 0.3 से 1.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की। मेटल शेयरों में वेदांता ने सबसे अधिक 6.7 फीसदी की बढ़त दर्ज की जबकि टाटा स्टील ने 5 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार किया। ऑटो शेयरों में मिश्रित कारोबार चला। एम ऐंड एम, हीरो मोटोकॉर्प और बजाज ऑटो ने 1.3 से 1.9 फीसदी की गिरावट दर्ज की जबकि मारूति सुजुकी और टाटा मोटर्स ने 1 फीसदी की बढ़त दर्ज की। बीएसई मिडकैप ने 0.6 फीसदी की बढ़त दर्ज की और स्मॉलकैप ने सपाट स्तर पर कारोबार किया।