खुलना - सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हफीज के करियर के पहले दोहरे शतक और शीर्ष क्रम के अन्य बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से पाकिस्तान गुरुवार को यहां अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 537 रन बनाकर बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच पर मजबूत शिकंजा कस दिया। हफीज ने 224 रन बनाए, जो उनके करियर का सर्वोच्च स्कोर है। पाकिस्तान की तरफ से टेस्ट इतिहास में केवल दूसरी बार चोटी के छह विकेट के लिए कम से कम अर्द्धशतकीय साझेदारियां निभाई गई।
इसमें हफीज और अजहर अली ( 83 ) के बीच दूसरे विकेट के लिए 227 रन की बड़ी भागीदारी भी शामिल है। अजहर के अलावा कप्तान मिस्बाह उल हक ( 59 ), असद शाफिक ( नाबाद 51 ) और सरफराज अहमद ( नाबाद 51 ) ने अर्द्धशतक बनाए। इससे पहले तीन मैचों की वनडे शृंखला और एकमात्र टी-20 में हार झेलने वाले पाकिस्तान ने इस दौरे में पहली बार बांग्लादेश पर दबदबा बनाया। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक उसने बांग्लादेश पर 205 रन की बढ़त बना ली है।