हैदराबाद- कोलकाता के क्रिकेटर अंकित के बाद आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद में क्रिकेट खेलते समय छह साल के एक बच्चे की जान चली गई। तेज रफ्तार गेंद आकर उसके सीने पर लगी, जिस कारण उसकी मौत हो गई। मृतक बच्चे का नाम टी वामशी कृष्णा है। वह यहां के वनस्थलीपुरम स्थित सहारा एस्टेट में अपने घर के पास क्रिकेट खेल रहा था।
पुलिस के मुताबिक छह वर्षीय वामशी अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान एक बच्चे ने शक्तिशाली शॉट खेला और गेंद वामशी के सीने में जा लगी। गेंद लगने के कारण वामशी जमीन पर गिर पड़ा, उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वामशी के माता-पिता ने पुलिस में दायर शिकायत में कहा कि बल्लेबाजी कर रहे एक 14 वर्षीय लडक़े ने लापरवाही से शॉट मारा था।