अहमदाबाद- आईपीएल-8 के मुकाबले में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर ने राजस्थान रॉयल्स पर नौ विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। बंगलूर ने पहले मिशेल स्टार्क (तीन विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत राजस्थान को 130 रन तक समेट दिया। इसके बाद 131 रन का पीछा करते हुए कप्तान विराट कोहली (62) और एबी डीविलियर्स (47) की शानदार पारियों की बदौलत 16.1 ओवर में ही लक्ष्य पा लिया।
बंगलूर की यह टूर्नामेंट में दूसरी जीत है, जबकि राजस्थान की दूसरी हार है। कोहली ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 गेंदों में नाबाद 62 रन की पारी खेली, जिसमें एक चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं, एबी डीविलियर्स ने 34 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए। डीविलियर्स ने पारी के दौरान छह चौके जड़े। इससे पहले मोटेरा के सरदार पटेल मैदान पर टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर (आरसीबी) के सामने जीत के लिए 131 रनों का लक्ष्य रखा था।
टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय आरसीबी के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ। कप्तान कोहली के फैसले पर खरे उतरते हुए आरसीबी के गेंदबाजों ने रॉयल्स के बल्लेबाजों का दम निकालते हुए रॉयल्स को केवल 130 रनों के स्कोर पर ही रोक दिया। रॉयल्स की ओर से केवल स्टीवन स्मिथ ही सबसे ज्यादा 31 रन बना पाए और छठे विकेट के रूप में मिचेल स्टार्क की गेंद पर कीपर कार्तिक के हाथों कैच थमाकर लौट गए। इसके पहले आरसीबी के स्पिनर्स ने राजस्थान की शुरुआत बिगाड़ते हुए सलामी बल्लेबाजों को डगआउट में लौटा दिया था, जिस कारण राजस्थान 130 रन ही बना पाई थी।