बंगलूर - आईपीएल-8 के मुकाबले में बुधवार को सुरेश रैना की धमाकेदार बल्लेबाजी और आशीष नेहरा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत चेन्नई सुपरकिंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर को 27 रन से मात दी। चेन्नई के 181 रन के जवाब में बंगलूर 154 रन ही बना पाई। रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
इसके बाद सुरेश रैना ने आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने मात्र 32 गेंदों में चार चौके और छह छक्कों की मदद से तूफानी 62 रन बनाए, जिसकी बदौलत सुपरकिंग्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 181 रन बना पाई। इसके बाद आशीष नेहरा ने चार ओवर में 10 रन देकर चार बल्लेबाजों को आउट कर बंगलूर की कमर तोड़ दी और टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन ही बना पाई। बंगलूर की ओर से कप्तान विराट कोहली ने संघर्ष किया, लेकिन वह नाकाफी रहा।
विराट ने 42 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। इसके अलावा बंगलूर का कोई भी बल्लोबाज चेन्नई की शानदार गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाया। पांच मैचों में यह चेन्नई की चौथी जीत है और बंगलूर की तीसरी हार है।