मुंबई - बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म बाजीराव मस्तानी में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण बड़े पर्दे पर एक साथ नृत्य करती नजर आएंगी। आजकल ये दोनों अभिनेत्रियां इसी डांस की रिहर्सल में व्यस्त हैं। ‘बाजीराव मस्तानी’ संजय लीला भंसाली की फिल्म है।
यह दूसरी बार है जब दर्शक भंसाली की फिल्म में बॉलीवुड की दो अभिनेत्रियों को एक साथ थिरकते देखेंगे। इससे पहले भंसाली की फिल्म देवदास में दर्शकों ने माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय को एक साथ देखा था। इस फिल्म में इन दोनों पर फिल्माया गया ‘डोला रे’ गाना सबकी जुबान पर छा गया था। इस फिल्म को लेकर प्रियंका चोपड़ा ने सोशल नेटवाकग साइट ट्विटर पर शुक्रवार रात लिखा- रिहर्सल के लिए निकले हैं, दीपिका आओ अपने डांस से कमाल कर देते हैं।’