नई दिल्ली - सरकार को महंगाई के मोर्चे पर राहत मिली है। वस्त्र, जूता, चीनी और अंडे के दामों में कमी होने के कारण मार्च 2015 में उपभोक्ता मूल्यों पर आधारित खुदरा मुद्रास्फीति की दर घटकर 5.17 प्रतिशत रह गई है। सरकार के सोमवार को जारी आंकड़ों में कहा गया है कि फरवरी 2015 में खुदरा मुद्रास्फीति की दर 5.37 प्रतिशत रही थी।
मार्च 2014 में यह आंकड़ा 8.25 प्रतिशत का था। आंकड़ों के अनुसार वस्त्र और जूता आदि की महंगाई दर 6.27 प्रतिशत गिर गई है, लेकिन ईंधन और रोशनी संबंधित वस्तुओं की मुद्रास्फीति की दर में 5.07 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। आवास की महंगाई दर 4.77 प्रतिशत हो गई है। मार्च 2015 में मोटे अनाज उत्पादों की खुदरा मुद्रास्फीति दर 2.32 प्रतिशत, मांस और मछली 5.11 प्रतिशत, दुग्ध उत्पाद 8.35 प्रतिशत रही है। इसी अवधि में फल की खुदरा मुद्रास्फीति दर 7.41 प्रतिशत, सब्जी 11.26 प्रतिशत, दाल 11. 48 प्रतिशत और मसाले 9.03 प्रतिशत पर दर्ज किए गए हैं।
हालांकि चीनी की दर में 2.61 प्रतिशत और अंडा में 3.47 प्रतिशत की गिरावट आई है। खाने-पीने की वस्तुओं की महंगाई दर में भी पिछले महीने के मुकाबले मामूली कमी देखी गई है। मार्च में खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर 6.14 फीसदी रही, जबकि फरवरी में यह आंकड़ा 6.79 फीसदी था। मार्च में सब्जियों की महंगाई दर 13.01 फीसदी से घटकर 11.26 फीसदी हो गई है। ईंधन और बिजली की महंगाई दर 5.07 फीसदी हो गई है