चेन्नई - ब्रैंडन मैक्कुलम (नाबाद 100) और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी(53) की विस्फोटक पारियों से चेन्नई सुपरकिंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 45 रन से हरा दिया। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 209 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 164 बना सकी। केन विलियम्सन (26) और परवेज रसूल (2) रन बनाकर नाबाद रहे।
चेन्नई की ओर से मोहित शर्मा और ड्वेन ब्रावो ने दो तथा रविचंद्रन अश्विन और ईश्वर पांडे ने एक-एक विकेट लिया। यह आईपीएल-8 में चेन्नई की लगातार दूसरी जीत है। पहले मुकाबले में गुरुवार को उसने दिल्ली डेयरडेविल्स को बेहद रोमांचक मुकाबले में एक रन से हराया था। 210 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत मोहित शर्मा ने बिगाड़ दी। उन्होंने पहले शिखर धवन (26) को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच आउट कराया और फिर लोकेश राहुल (5) को क्लीन बोल्ड कर दिया।
इसके बाद सनराइजर्स की टीम मैच में कभी वापसी करती नहीं दिखी। नमन ओझा (15) कुछ खास नहीं कर सके। उन्हें रविचंद्रन अश्विन ने लांग ऑफ पर मोहित शर्मा के हाथों झिलवाया। डेविड वॉर्नर (53) अर्द्धशतक जमाकर आउट हो गए। वॉर्नर के अलावा हैदराबाद को कोई बल्लेबाज सीएसके के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाया। रवि बोपारा (22) को ब्रावो ने बोल्ड किया। कर्ण शर्मा (4) को ड्वेन ब्रावो ने रैना के हाथों कैच कराया।