मुंबई। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो ‘वेलकम टु कराची’ बॉलीवुड की ऐसी पहली फिल्म बन जाएगी जिसका प्रचार पाकिस्तान में होगा। फिल्म की टीम को पाक की कल्चरल मिनिस्ट्री की तरफ से पाकिस्तान में जाकर प्रमोशन करने और ट्रेलर जारी करने की इजाजत मिल चुकी है। निर्माता वाशु भगनानी की इस फिल्म में उनके बेटे जैकी भगनानी और अरशद वारसी ने मुख्य भूमिका निभाई है। यह एक कॉमेडी मूवी है जो हंसी मज़ाक में दोनों देशों की राजनीति को दर्शाएगी। फिल्म की कहानी ऐसे 2 भारतीयों के इर्द-गिर्द घूमती है जो गलती से पाकिस्तान में प्रवेश कर जाते हैं। अरशद वारसी और जैकी भगनानी अपनी टीम को लेकर फिल्म का ट्रेलर रिलीज करने लाहौर जाएंगे और उसके बाद पाकिस्तान के दूसरे शहरों में भी अपनी फिल्म का प्रचार करेंगे। फिल्म की 90 फीसदी शूटिंग लंदन में हुई है, जबकि बाकी की शूटिंग इंदौर और मुंबई में की गयी है।