नई दिल्ली - राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोने में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। आभूषण निर्माताओं एवं फुटकर विक्रेताओं की बढ़ती मांग से सोने का भाव 60 रुपए बढकर एक बार फिर 27,000 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। बाजार सू़त्रों ने कहा कि बढ़ती मांग को देखते हुए आभूषण विक्रेताओं की लिवाली से सोने में तेजी रही।
राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता का भाव 60 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 27,010 रुपए और 26,860 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। विगत दो सत्रों में सोने के दाम में 375 रुपये की तेजी आई है। हालांकि, गिन्नी की कीमत 23,700 रुपये प्रति 8 ग्राम के पूर्वस्तर पर अपरिवर्तित रही। छिटपुट, लिवाली समर्थन से चांदी तैयार और साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत क्रमश: 37,600 रुपये और 37,350 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई।