मलेशिया - विश्व कप क्रिकेट के बाद अब हॉकी देखने के रोमांच का भी लुत्फ ले सकते हैं। रियो ओलंपिक में अपनी जगह पक्की कर चुका एशियाई खेलों का चैंपियन भारत रविवार को 24वें अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट का इस्तेमाल युवाओं को परखने के लिए कर सकती है।
भारतीय टीम की राह हालांकि आसान नहीं होगी, क्योंकि इस बार टूर्नामेंट में उसे विश्व और गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड व मेजबान मलेशिया के अलावा कनाडा जैसी टीमों की चुनौती का सामना करना है। अब यह देखने लायक होगा कि सरदार सिंह की अगुआई वाली टीम इस मैच में क्या रणनीति अपनाती है। टीम के आक्रमण की कमान युवा आकाशदीप सिंह करेंगे जबकि पेनल्टी कॉर्नर पर टीम वीआर रघुनाथ और रूपिंदरपाल सिंह जैसे विशेषज्ञों पर निर्भर होगी।
उधर कोरियाई टीम पिछली हार का बदला चुकाने की कोशिश करेगी। भारत ने पिछले इंचियोन एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में 1-0 से पराजित किया था।