नई दिल्ली - जापानी बाइक निर्माता सुजुकी अपनी हिट हो चुकी स्पोर्ट्स बाइक जिक्सर का नया वर्जन लेकर आई है। यह इस बाइक का फुल फेयर्ड वर्जन है जिसमें आगे की तरफ हेडलाइट से लेकर इंजन तक का पूरा प्लास्टिक कवर दिया गया है। यह वर्जन 7 अप्रैल को ऑफिशियल तौर पर लॉन्च किया जा रहा है। उसके बाद यह डीलरशिप्स बिक्री के लिए जारी होगी। इस वर्जन में फुल फेयरिंग के अलावा कई सारे ऐसे फीचर्स जोड़े गए है जिनके चलते यह स्ट्रीट स्पोर्ट बाइक लगती है।
कंपनी भी इसे इसी नाम के साथ प्रमोट कर रही है। इसमें सीट, पीछे का सेक्शन और टायर पहले वाले मॉडल की तरह ही दिए गए हैं। हालांकि बॉडी पर ग्राफिक्स नए अंदाज में दी गई है। सुजुकी जिक्सर एसएफ बाइक को पर्ल मिराज व्हाइट, मैटेलिक ट्रिटॉन ब्लू, ग्लास स्पार्कल ब्लैक, केंडी रेड और मैटेलिक ग्रे इन पांच रंगों की च्वॉयस में लाया गया है। यह 155 सीसी इंजन से लैस है जो 14.59 बीएचपी का पावर और 14 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। आकर्षक बॉडी और नए फीचर्स वाली सुजुकी जिक्सर एसएफ बाइक की टक्कर अपने सेगमेंट में यामाहा फेजर वी2.0 और होंडा सीबीआर150आर जैसी बाइक्स से होने वाली है।