एडेलेड - आयरलैंड को 7 विकेट से हरा कर पाकिस्तान ने आखिरकार मौका लपक ही लिया और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अब क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 20 मार्च को एडेलेड में ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है। आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने के साथ ही पाकिस्तान अंक तालिका पर 8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर आ गया है। पाकिस्तान की इस जीत में सरफराज अहमद ने अहम किरादर निभाया। उन्होंने नाबाद 100 रन बनाए। 2007 के विश्व कप के बाद पाकिस्तान की तरफ से विश्व कप में यह पहला शतक था।
अहमद शहजाद ने सरफराज के साथ ओपनिंग कर टीम के लिए मजबूत नींव रखी। शहजाद ने 63 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान मिसबाह उल हक ने 39 रन बना कर टीम को जीत के करीब लाया। इस दौरान आयरलैंड के गेंदबाज पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम के सामने घुटने टेके हुए नजर आए। क्युसैक और थॉम्पसन को केवल 1-1 सफलता हासिल हुई, जबकि हारिस सोहेल रन आउट हुए। इससे पहले आयरलैंड की टीम टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी और पाकिस्तान को 237 रन का टार्गेट दिया।
कप्तान पोर्टरफील्ड ने 107 रन की शानदार पारी खेली, हालांकि बाकी के खिलाड़ी कोई बड़ा स्कोर तो नहीं बना सके, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ सम्मानजनक स्कोर तक टीम को पहुंचाने में कामयाब रहे। पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी करते हुए वाहब रियाज ने 3 विकेट चटके, जबकि राहत अली और सोहेल खान ने 2-2 और आदिल व सोहेल को 1-1 सफलता हाथ लगी।