नई दिल्ली - विदेशी बाजारों में जारी नरमी के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 195 रुपए लुढक़कर 13 सप्ताह के न्यूनतम स्तर 26430 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी भी 200 रुपए टूटकर इतनी ही अवधि के निचले स्तर 36000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बोली गई। सिंगापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोना हाजिर 0़ 42 प्रतिशत गिरकर तीन माह के न्यूनतम स्तर 1161.65 डालर प्रति औंस पर आ गया। इस दौरान अमरीकी सोना वायदा भी 0.50 प्रतिशत कमजोर होकर 1160़ 70 डालर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार अमेरिका में गैर-कृषि क्षेत्र के मजबूत आंकड़े आने के बाद फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ोतरी की आशंका प्रबल होने से दोनों कीमती धातुओं पर दवाब पड़ा। अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डालर के सितम्बर 2003 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंचने से भी दोनों कीमती धातुओं में गिरावट देखी जा रही है। विदेशी बाजारों में जारी गिरावट के कारण सोना 195 रुपए टूटकर एक दिसंबर 2014 के बाद के न्यूनतम स्तर 26430 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान आठ ग्राम वाली गिन्नी 23600 रुपए पर स्थिर रही। चांदी हाजिर भी 200 रुपए उतरकर 36000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। यह एक दिसंबर 2014 के बाद का न्यूनतम स्तर है।