मुंबई - जिन लोगों को स्कूटर चलाना पसंद है, यह खबर उनके लिए मायने रखती है। दरअसल, बजाज ऑटो ने अपना स्कूटर ब्रांड चेतक दोबारा रजिस्टर करवाया है, ताकि उसका उत्पादन शुरू किया जा सके। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में चार पहिया वाहनों की तुलना में दोपहिया वाहनों की बिक्री हमेशा ज्यादा रही है। दोपहिया वाहनों में भी हाल के वर्षों में मोटरसाइकिल की तुलना में स्कूटर्स की बिक्री बढ़ी है। यही वजह है कि स्कूटर सेगमेंट से पूरी तरह निकल चुकी बजाज ऑटो ने स्कूटर के बाजार को गंभीरता से लिया है और चेतक का उत्पादन शुरू करने की योजना बनाई है।
वही चेतक स्कूटर, जो हमारा बजाज (कंपनी की टैगलाइन) के विज्ञापन में दिखाई देता था। गौरतलब है कि साल 2006 में बजाज ने स्कूटर निर्माण को पूरी तरह से बंद करके केवल मोटरसाइकिल पर फोकस शुरू किया था। लेकिन इस दौरान बाकी टू-व्हीलर कंपनियों ने ऑटोमैटिक स्कूटर बाजार में पकड़ बनाना शुरू कर दिया। नतीजा यह कि बजाज को भी इस सेगमेंट के बारे में गंभीरता से सोचना पड़ा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि वह ऑटोमैटिक स्कूटर बनाएगी या फिर अपने पारंपरिक किक वाले स्कूटर को नई तकनीक के साथ लांच करेगी।