चेन्नई - वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक जगमोहन डालमिया को सोमवार को सर्वसम्मति से बीसीसीआई का अध्यक्ष चुन लिया गया, जबकि एन श्रीनिवासन धड़े को करारा झटका देते हुए एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर बोर्ड की सालाना आम बैठक में संजय पटेल को पछाडक़र सचिव चुन लिए गए। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के प्रमुख अनुराग ठाकुर की अप्रत्याशित जीत को छोडक़र चुनाव में सभी पदों पर श्रीनिवासन गुट का पलड़ा भारी रहा। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने सिर्फ एक वोट से श्रीनिवासन के विश्वस्त संजय पटेल को हराया।
यदि चुनाव के दौरान क्रास वोटिंग नहीं हुई होती तो यह हालात पैदा नहीं होते। चूंकि श्रीनिवासन विरोधी खेमे के बाकी उम्मीदवार चुनाव हार गए तो यह स्पष्ट है कि क्रास वोटिंग सिर्फ अनुराग ठाकुर के लिए ही हुई। बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष 70 वर्षीय डालमिया को श्रीनिवासन की वफादार सभी ईकाइयों ने सर्वसम्मति से चुना। इस बार अध्यक्ष नामित करने की बारी पूर्वी क्षेत्र की थी, जहां से पवार को कोई प्रस्तावक नहीं मिल सका। आईसीसी के पूर्व अध्यक्ष पवार 2001 से 2004 के बीच बीसीसीआई प्रमुख थे।