बेंगलूरू - चालीस बार के चैंपियन मुंबई की टीम एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर विकेटों के पतझड़ के बीच आज यहां कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्राफी सेमीफाइनल के पहले दिन केवल 44 रन पर ढेर हो गयी जो उसका इस टूर्नामेंट में दूसरा न्यूनतम स्कोर है। मैच के पहले दिन कुल 21 विकेट गिरे। कर्नाटक ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी की लेकिन उसकी टीम 202 रन बनाकर आउट हो गयी।
इसके बाद हालांकि कप्तान आर विनयकुमार ने टीम को शानदार वापसी दिलायी। उन्होंने 20 रन देकर 6 विकेट लेकर मुंबई को 44 रन पर आउट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। कर्नाटक को इस तरह से 158 रन की बढ़त मिली। कर्नाटक की दूसरी पारी की शुरूआत हालांकि अच्छी नहीं और उसने दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में सर्वाधिक 68 रन बनाने वाले रोबिन उथप्पा और भारतीय टेस्ट टीम के सदस्य के एल. राहुल के विकेट गंवा दिये थे।
कर्नाटक ने दूसरी पारी में 2 विकेट पर 10 रन बनाये हैं और उसकी कुल बढ़त 168 रन हो गयी है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिन भर में गेंदबाजों की तूती बोली। कर्नाटक की पहली पारी में 5 बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे। उथप्पा अर्धशतक जमाने वाले अकेले बल्लेबाज थे। उन्होंने अपनी 100 गेंद की पारी में 10 चौके और 1 छक्का लगाया। करूण नायर 49 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि मनीष पांडे ने 34 रन का योगदान दिया। मुंबई की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने 61 रन देकर 4 और विल्किन मोटा ने 18 रन देकर 2 विकेट लिये।