नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) ने टीम इंडिया के कुछ खिलाडय़िों की उस मांग को ठुकरा दिया है, जिसमें उन्होंने पत्नियों और गर्लफ्रेंड्स को विश्व कप के दौरान होटल में साथ रुकने की इजाजत मांगी थी। खबरों के मुताबिक पाकिस्तान पर जीत से उत्साहित भारतीय खिलाडय़िों ने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें यह सुविधा मिली हुई है और इसी आधार पर हमें भी इजाजत दी जाए।
लेकिन बीसीसीआइ ने उनका आग्रह यह कहते हुए ठुकरा दिया कि पहले टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच कर दिखाए। उसके बाद ही उनके इस आग्रह पर विचार किया जाएगा। बीसीसीआइ को इस बात को कोई आपत्ति नहीं है कि खिलाडय़िों कि पत्नियां व गर्लफ्रेंड्स मैच देखने के लिए ऑस्ट्रेलिया जा सकती है लेकिन उन्हें खिलाडय़िों के साथ होटल में रुकने की इजाजत नहीं होगी। भारत को अपना आखिरी समूह मैच 14 मार्च को खेलना है और तब तक पत्नियों और गर्लफ्रेंड्स के साथ रहने की इजाजत नहीं होगी।