मुंबई - वैसे तो हर कोई अभिनेता चाहता है कि उन्हें फैंस का प्यार मिले, लेकिन कभी कभी प्रशंसकों का यह प्यार अभिनेताओं को भारी पड़ जाता है। हाल ही में अभिनेता शक्ति कपूर फैंस के इस प्यार के साथ गुस्से का भी शिकार हो गए। इस दौरान अभिनेता घायल हो गए और उनका सामान भी लूट लिया गया।
यह हादसा पिछले सप्ताह कानपुर में फिल्म क्या कूल है हम के पार्ट 3 की शूटिंग के दौरान हुआ। इस दौरान उनके को स्टार तुषार कपूर और आफताब शिवदासानी भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, फिल्म के सेट पर अपने चहेते स्टार्स को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई। शेड्यूल के बाद, कपूर फैंस से मिलने गए। लेकिन अचानक भीड़ में से किसी ने उनका कान खींचा और इयरिंग्स लूट लिए। इस पर अभिनेता घायल हो गए।
घटना के बाद तुरंत उन्हें इलाज के लिए क्लिनिक पर ले जाया गया। हादसे की पुष्टि करते हुए शक्ति कपूर ने कहा, भीड़ में से किसी ने मेरा कान खींचा। ऐसे में बुरी तरह से मेरा इयरिंग अलग हो गया। मैं फिल्म टीम का शुक्रिया अदा करता हूं उन्होंने मेरा सपोर्ट किया।