नई दिल्ली - होंडा ने अपनी गाडय़िों की कीमतों में 60,000 रुपए तक की वृद्धि कर दी। उत्पाद शुल्क की छूट समाप्त होने तथा कच्चे माल की लागत में वृद्धि के कारण कंपनी ने कीमतें बढ़ाई हैं। कंपनी ने शुरुआती स्तर की कार ब्रिओ के दाम में 15,000 रुपए से लेकर 18,000 रुपए तक की वृद्धि की है और अब इसकी कीमत दिल्ली में शोरम पर 4.21 लाख रुपए से 6.30 लाख रुपए तक होगी। काम्पैक्ट सेडान अमेज की कीमत में 19,000 रुपए से 26,000 रुपए तक की वृद्धि की गई है और यह अब 5.18 लाख रुपए से 7.78 लाख रुपए में उपलब्ध होगी।
काम्पैक्ट सेडान के पैट्रोल संस्करण की कीमत 19,000 रुपए से 23,000 रुपए की वृद्धि की गई जबकि डीजल संस्करण 23,000 रुपए से 26,000 रुपए महंगा हो गया है। होंडा की प्रमुख मध्यम आकार वाली सेडान सिटी 48,000 रुपए महंगा हो गया है। पैट्रोल संस्करण 33,000 रुपए से 46,000 रुपए जबकि डीजल संस्करण 37,000 से 48,000 रुपए महंगा हो गया है। इस मॉडल की कीमत 7.53 लाख रुपए से 11.54 लाख रुपए के बीच है। कंपनी ने प्रीमियम स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल सीआर-वी की कीमत 60,000 रुपए बढ़ाई और यह अब 20.85 लाख रुपए से 24.96 लाख रुपए के बीच उपलब्ध है।
बहु-उद्देश्यीय वाहन मोबिलियो के बारे में होंडा कार्स इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि कंपनी अभी यह विचार कर रही है कि इसके दाम में कितनी वृद्धि की जाए। सरकार की तरफ से वाहन उद्योग तथा टिकाऊ उपभोक्ता क्षेत्र को दी जा रही उत्पाद शुल्क छूट 31 दिसंबर 2014 के बाद नहीं दिए जाने की घोषणा के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है। इससे पहले सरकार ने पूर्व यूपीए सरकार के कारों पर उत्पाद शुल्क में छूट की मियाद जून 6 महीने के लिए बढ़ा दी थी।