मेलबोर्न - भारत की सानिया मिर्जा और लिएंडर पेस ने अपने अपने जोड़ीदारों के साथ बुधवार को लगातार सेटों में आसान जीत दर्ज करते हुए आस्ट्रेलियन ओपन के मिश्रित युगल सेमी फाइनल में जगह बना ली। सानिया और ब्राजील के ब्रूनो सोरेस की टॉप सीड जोड़ी ने निर्मम प्रदर्शन करते हुए आस्ट्रेलिया के कैसी डैलकुआ और जान पीयर्स की जोड़ी को एकतरफा अंदाज में 6-2, 6-2 से हराया जबकि पेस और स्विटजरलैंड की मार्टिना हिंगिस की सातवीं सीड जोड़ी ने चेक गणराज्य की आंद्रिया हलावाकोवा और आस्ट्रिया के अलेक्जेंडर पेया की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-3, 6-1 से पराजित किया।
सानिया और सोरेस ने मैच के दौरान 11 ब्रेक अंकों में से चार को भुनाया जबकि विपक्षी जोड़ी दो ब्रेक अंकों में एक का भी फायदा नहीं उठा पाई। विजेता जोड़ी ने 19 विनर्स लगाए। सानिया और सोरेस ने पहला सेट 23 मिनट में और दूसरा सेट 30 मिनट में निपटाते हुए पूरा मैच 53 मिनट में समाप्त कर दिया। वर्ष 2009 में यहां मिश्रित युगल का खिताब जीत चुकी सानिया गत वर्ष रोमानिया के होरिया टिकाऊ के साथ फाइनल में पहुंच कर हार गयीं थीं।