मुबंई - कहते हैं प्यार में उम्र की सीमा नहीं होती। प्रेमी-प्रेमिका के बीच उम्र का फासला कोई मायने नहीं रखता है। शायद यही वजह है कि प्रेम की पैरोकार हमारी फिल्मों में नायक-नायिका के बीच उम्र का बड़ा फासला दिखता है । ..तभी तो पचास वर्ष की दहलीज पर खड़े नायक पच्चीस-तीस वर्ष की नायिका के साथ बेफिक्र होकर प्रेम गीत गाते हैं। हालांकि,यह बात दीगर है कि फिल्मों में पचास के करीब के नायक अपनी उम्र से कम के चरित्र निभाते हैं।फिर भी वास्तविक जीवन में नायक-नायिका की उम्र का फासला स्क्रीन पर दिख ही जाता है।
कमसिन नायिकाओं के सामने उम्र का बोझ ढो रहे नायकों के चेहरे पर बढ़ती उम्र की लकीरें क्लोजअप में जाहिर हो जाती हैं। रोचक तथ्य है कि इस वर्ष खान तिकड़ी के तीनों खान उम्र के पांचवें दशक को पूरा करने जा रहे हैं। आमिर खान अप्रैल में, शाहरुख खान नवम्बर में, तो सलमान खान दिसंबर में पचास वर्ष के हो जाएंगे।
..मगर यदि इन तीनों खान की पिछले दिनों रिलीज हुई और आने वाले दिनों में रिलीज होने वाली फिल्मों की नायिकाओं पर नजर डालें,तो ये सभी उम्र के तीसरे दशक में हैं।’हैप्पी न्यू इयर’में शाहरुख खान की नायिका दीपिका पादुकोण पिछले दिनों ही उनतीस वर्ष की हुई हैं,तो ‘किक’में सलमान खान की नायिका जैकलीन फर्नांडीज की उम्र अठाइस वर्ष है। उधर ‘पीके’ में आमिर खान ने छब्बीस साल की अनुष्का शर्मा के साथ जोड़ी बनायी है। यदि सलमान खान की आने वाली फिल्मों की बात करें,तो ‘प्रेम रतन धन पायो’ में सलमान ने उनतीस वर्षीय सोनम कपूर के साथ जोड़ी बनायी है,तो उधर शाहरुख खान भी ‘फैन’ में छब्बीस साल की वाणी कपूर के साथ नजर आएंगे।