मुंबई - सत्य साईं बाबा फिल्म जनता में सेवा की भावना जगाएगी और लोगों अच्छे मार्ग पर चलने के साथ-साथ दूसरे लोगों की मदद करना भी सीखेंगे. यह बात पद्मश्री अनूप जलोटा ने धार्मिक फिल्म सत्य साईं बाबा के फर्स्ट लुक के अवसर पर कही. अनूप जलोटा फिल्म में सत्य साईं बाबा का किरदार भी निभा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि वह पचास साल से बाबा के साथ जुड़े हुए हैं और बाबा उन्हें छोटे बाबा कहते थे. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ इतना ही कहना चाहते हैं की ऐसी महान आत्माएं कम आती हैं और जब भी आती हैं तो बहुत सेवा करती हैं. जलोटा ने कहा कि यह ऐसी फिल्म है जो बताएगी कि मनुष्य के अन्दर अपार शक्तियां हैं यदि वह अच्छे काम करना चाहे तो वह कर सकता है. लोग अक्सर अपनी शक्ति गलत कामों में लगा देते हैं तो ऐसा न करके अच्छे कामों में लगाएं.
इस मौके पर मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर बप्पी लहरी ने बताया कि फिल्म बहुत ही अच्छी है और फिल्म में सभी टीम मेंबर्स ने अच्चा काम किया है. वह फिल्म को लेकर बहुत ही उत्साहित हैं. उन्होंने बताया कि वह सत्य साईं बाबा के भक्त हैं. लहरी ने जहां फिल्म में म्यूजिक दिया है वहीँ फिल्म का टाइटल ट्रैक भी गया है.