मुबंई - टीवी रिऐलिटी शो बिग बॉस के होस्ट सलमान खान ने फाइनली शो को अलविदा कह दिया, लेकिन जाते-जाते वह वापस आने की बात जरूर कह गए। शनिवार रात पुनीत और सोनाली के इविक्शन के बाद एक स्पेशल सीरीज के जरिए सलमान की विदाई दिखाई गई। यह बहुत नाटकीय ढंग से हुआ। सलमान वॉशरूम में गए और उनकी जगह फराह स्टेज पर आ गईं।
फराह का स्वागत सलमान के एक खत से हुआ, जिसमें सलमान ने शो को अलविदा कहने का कारण बताया और उन्होंने लिखा कि उन्हें फराह से काफी उम्मीद है कि वह शो में उनकी कमी नहीं महसूस होने देंगी। हालांकि, जाते-जाते सलमान ने आई विल बी बैक कहकर दर्शकों की उत्सुकता फिर बढ़ा दी। सलमान ने दर्शकों से माफी मांगते हुए कहा कि उन्होंने शो पूरा करने की बहुत कोशिश की, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। उन्हें फराह पर पूरा भरोसा है और वह जानते हैं कि उनके जाने के बाद भी यह शो सुरक्षित हाथों में है।