नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भारतीय पुरूष और महिला कबड्डी टीमों को विश्व कप जीतने की बधाई दी और कहा कि उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शानदार खबर है। हमारी पुरूष और महिला कबड्डी टीमों ने कबड्डी विश्व कप जीत लिया है। खिलाडियों को मेरी बधाई। हमें बहुत गर्व है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘पुरूष टीम के लिए यह लगातार पांचवीं और महिला टीम के लिए लगातार चौथी जीत है। सही मायने में शानदार प्रदर्शन।’’
गौरतलब है कि पंजाब के मुक्तसर जिले में भारतीय पुरूष टीम ने लगातार पांचवां कबड्डी विश्व कप खिताब जीत लिया जबकि महिला टीम लगातार चौथी बार चैम्पियन रही। यहां खेले गए फाइनल में भारतीय पुरूष टीम ने पाकिस्तान को चौथी बार 45-42 से हराया जबकि महिला टीम ने दूसरी बार न्यूजीलैंड को 36-27 से मात दी। दोनों वर्गों में इन्हीं दोनों टीमों के बीच लुधियाना में हुए पिछले विश्व कप का फाइनल खेला गया था और भारत ही विजेता रहा था। पुरूष वर्ग में भारत के लिये रेडर संदीप सिंह ने 10 और संदीप लुद्दार ने 10 अंक बनाये। पाकिस्तान के लिये रेडर शफीक अहमद चिश्ती, मोहम्मद इरफान और अकमल सज्जाद डोगर ने क्रमश: 15, 13 और 6 अंक बनाये। महिला फाइनल में भारतीय रेडर प्रियंका देवी और राम बटेरी ने आठ आठ अंक बनाये। न्यूजीलैंड के लिये लानी पेरेसी ने 12 अंक बनाये।