भुवनेश्वर - आत्मविश्वास से लबरेज भारत और जाइंट किलर पाकिस्तान के बीच कल हीरो चैम्पियंस ट्राफी हाकी टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर होगा जिसमें जज्बात पर काबू रखने वाली टीम का पलड़ा भारी रहेगा। दूसरे सेमीफाइनल में गत चैम्पियन आस्ट्रेलिया का सामना ओलंपिक चैम्पियन जर्मनी से होगा।
दोनों टीमों ने पूल चरण में औसत प्रदर्शन के बाद सही समय पर फार्म में वापसी की है। इस मैच के जरिए भारत के पास पिछली बार मेलबर्न में 2012 में हुई चैम्पियंस ट्राफी के कांस्य पदक के मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के हाथों मिली हार का बदला चुकता करने का भी मौका है।
मौजूदा फार्म को देखते हुए हालांकि भारत का पलड़ा भारी है और उसे घरेलू दर्शकों के समर्थन का भी फायदा मिलेगा। किसी भी भारत-पाक मुकाबले की तरह कल के मैच में भी जज्बात हावी होंगे और खिलाडय़िोंको बखूबी पता है कि कल की हार उनके अब तक के उम्दा प्रदर्शन पर पानी फेर देगी।
भारत के हाई परफार्मेंस निदेशक रोलेंट ओल्टमेंस ने कहा, हम पाकिस्तान से कई बार खेल चुके हैं और हमें पता है कि भावनाओं को कैसे नियंत्रण में रखना है।