मैसूर - हरमनप्रीत कौर के मैच में नौ विकेट की मदद से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीकी टीम को एकमात्र टेस्ट में एक पारी और 34 रन से मात दी। पहली पारी में 233 रन पर सिमटने के बाद फॉलोऑन खेलते हुए प्रोटीज टीम दूसरी पारी में 132 रन पर समेट दिया। हरमनप्रीत ने दूसरी पारी में 41 रन देकर चार विकेट झटके, उन्होंने पहली पारी में 44 रन देकर पांच विकेट झटके थे। भारतीय महिलाओं की यह लगातार दूसरी टेस्ट जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने इंग्लैण्ड को उसीके घर में मात दी थी।
इससे पहले भारत ने पहले खेलते हुए थिरूष कामिनी(192) और पूनम रावत (130) की शतकीय पारियों के बूते छह विकेट पर 400 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी हरमनप्रीत कौर(44 पर 5) और राजेश्वरी गायकवाड़ (54 पर 4) की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने 233 रन पर सिमट गई थी। प्रोटीज टीम की ओर से कप्तान मिग्नोन डु प्रीज ने शतक(102) लगाया। डू प्रीज के अलावा विकेटकीपर तृषा चेट्टी ने 55 रन बनाए।
फॉलोऑन खेलते हुए दक्षिणी अफ्रीकी टीम की दूसरी पारी में भी शुरूआत खराब रही। 67 रन पर उसके छह विकेट गिर गए थे। इसके बाद तृषा चेट्टी और क्लो ट्रायओन के बीच सातवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी हुई। शिखा पांडे ने तृषा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद तो अंतिम तीन विकेट केवल 12 रन और जोडक़र गिर गए। क्लो ट्रायओन सर्वाधिक 30 रन बनाकर नाबाद रही।