नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में दो और दिग्गज जुड़ गए हैं। बैडमिंटन स्टार ज्वाला गुट्टा और आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर इस अभियान की हिस्सा बनी। पीएम मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इन दोनों की तस्वीरें पोस्ट की।
ज्वाला गुट्टा ने हैदराबाद के लाल बहादुर स्टेडियम में सफाई की। गुट्टा ने सफाई से पहले और बाद की फोटो पोस्ट कर लिखा कि यह है परिणाम... गर्व का समय... साफ-सुथरा एलबी स्टेडियम। गुट्टा के अलावा अब तक इस अभियान में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, सानिया मिर्जा जैसे खेल सितारे इस अभियान से जुड़ चुके हैं।
वहीं आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर ने मुम्बई के बैकबे रिक्लेमेशन में सफाई की। उन्होंने लिखा कि, स्वच्छ भारत अभियान के इस राष्ट्रीय अभियान में जुडक़र मैं काफी खुश हूं। इस अभियान की शुरूआत पीएम मोदी ने दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर की थी।