पर्थ - आकाशदीप सिंह की अगुवाई में भारतीय हाकी टीम ने आज यहां चौथे टेस्ट मैच में भी बेहतरीन खेल का नजारा पेश करके आस्ट्रेलिया को 3-1 से हराकर चार मैचों की शृंखला 3-1 से जीतकर कप्तान सरदार सिंह को उनके 200वें मैच पर शानदार तोहफा दिया। एशियाई चैंपियन भारत ने शुरू से दबदबा बनाए रखा और विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया को कोई मौका नहीं दिया। भारत की तरफ से आकाशदीप ने दो और एस के उथप्पा ने एक गोल किया जबकि आस्ट्रेलिया के लिए एकमात्र गोल टोमी क्रेग ने किया।
भारत ने पहला गोल शुरुआती क्वार्टर में जबकि आखिरी दो गोल चौथे क्वार्टर में किए। भारत इस शृंखला के पहले मैच में 0-4 से हार गया था लेकिन इसके बाद सरदार सिंह की अगुवाई वाली टीम ने शानदार वापसी करके दूसरे मैच में 2-1 और तीसरे मैच में1-0 से जीत दर्ज की थी। पर्थ हाकी स्टेडियम में भारत को श्रृंखला जीतने के लिए चौथे मैच में केवल ड्रा की जरूरत थी।
एसवी सुनील बाएं छोर से अच्छा मूव बनाकर पेनल्टी कार्नर हासिल किया। वी रघुनाथ के ड्रैग फ्लिक को आस्ट्रेलियाई गोलकीपर क्लेमोंस ने रोक दिया लेकिन आकाशदीप मुस्तैद थे और उन्होंने रिबाउंड पर गोल दागने में गलती नहीं की। आस्ट्रेलिया ने तीसरे क्वार्टर में तेजी दिखाई और भारतीय रक्षकों को लगातार दबाव में रखा। इस बीच उसे तीसरा पेनल्टी कार्नर मिला जिस पर टोमी क्रेग ने गोल करके स्कोर1-1 से बराबर कर दिया।
आस्ट्रेलिया ने इसके बाद दो और पेनल्टी कार्नर हासिल किए लेकिन भारत ने उसे इसका फायदा नहीं उठाने दिया। भारत ने चौथे क्वार्टर में अच्छा खेल दिखाकर आस्ट्रेलियाई दर्शकों को हतप्रभ कर दिया। आकाशदीप ने जल्द ही टीम को बढ़त दिलाई और अभी आस्ट्रेलिया संभल पाता कि गुरबाज सिंह के शानदार मूव पर उथप्पा ने गोल करके भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।