नयी दिल्ली - हाल ही में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हाकी टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की शृंखला के पर्थ में खेले गए पहले मैच में 0-4 से हार गई।
दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की और एक दूसरे के डिफेंस पर हमले बोले। आस्ट्रेलिया को 15वें मिनट में पेनल्टी कार्नर मिला जिसे फारवर्ड जेरेमी हैवर्ड ने गोल में बदला। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने लगातार दबाव बनाने की कोशिश की। भारतीयों ने कई अच्छे मूव बनाए लेकिन उन्हें गोल में नहीं बदल सके। आस्ट्रेलिया के लिए दूसरा गोल 30वें मिनट में फारवर्ड जैकब वेटन ने किया।
दो गोल से पिछडऩे के बाद भारत ने तीसरे क्वार्टर में वापसी की कोशिश की। आस्ट्रेलिया ने हालांकि तुरंत जवाबी हमला बोलते हुए 34वें मिनट में तीसरा गोल दागा जो जेरेमी एडवर्ड्स ने किया। इसके पांच मिनट बाद मिडफील्डर ग्लेन सिम्पसन ने पेनल्टी कार्नर को तब्दील करके स्कोर 4-0 कर दिया। शृंखला का दूसरा मैच कल खेला जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण शाम साढ़े चार बजे से होगा।