नयी दिल्ली - युवा एथलीट अंकित शर्मा ने पुरुषों की लंबी कूद में आज यहां राष्ट्रीय रिकार्ड धारक प्रेम कुमार को पीछे छोडक़र राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन मीट रिकार्ड की बराबरी करते हुए स्वर्ण पदक जीता। एलआईसी की तरफ से खेल रहे अंकित ने 7 . 87 मीटर की दूरी नापी और रेलवे के संजय कुमार राय के 16 साल पुराने मीट रिकार्ड की बराबरी की। राष्ट्रीय रिकार्डधारक कुमारवेल प्रेमकुमार का लचर प्रदर्शन जारी रहा और उन्हें 7 . 53 मीटर के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। रेलवे के प्रेमकुमार का राष्ट्रीय रिकार्ड 8 . 09 मीटर है। सेना के एम अरशद ने 7 . 58 मीटर की दूरी पार करके रजत पदक जीता।
टिंटु, पूवम्मा को स्वर्ण : एशियाई खेलों की पदक विजेता टिंटु लुका और एम आर पूवम्मा ने आसान जीत के साथ अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किया। रेलवे की लुका ने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ दो मिनट 03 . 88 सेकेंड में पूरी की जबकि ओएनजीसी का प्रतिनिधित्व कर रही पूवम्मा ने 400 मीटर की दौड़ में 53 . 59 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। इंचियोन एशियाई खेलों में लुका और पूवम्मा ने अपनी संबंधित स्पर्धाओं में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता था।
मानिकनंदन अरूमुगुम और शारदा नारायण ने क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में 100 मीटर की दौड़ जीती। रेलवे की शारदा ने 12 . 21 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। उनकी साथी एम एम अंचू ने रजत और केरल की केवी सजीता ने कांस्य पदक जीता। रेलवे के अरूमुगम ने पुरूष वर्ग की 100 मीटर की दौड़ 10 . 56 सेकेंड में पूरी की। ओड़िशा के अमिया कुमार मलिक दूसरे और सेना के ज्योति शंकर तीसरे स्थान पर रहे।