मुंबई - अपना 41वां जन्मदिन मना रहीं बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन मानती हैं कि उनकी खूबसूरती का राज उन्हें सभी से मिलने वाला बेशुमार प्यार और शुभकामनाएं हैं। वे बहुत खुश हैं और उनकी जिंदगी दिनोंदिन और खूबसूरत होती जा रही है। उनका कहना है कि वे अपने जन्मदिन पर अपने लिए कोई दुआ नहीं मांगती हैं। वे चाहती हैं कि सभी खुश रहें, खुशहाल रहें। ऐश्वर्या राय बच्चन कल 41 साल की हो गईं। उन्होंने कहा कि वे शुक्रवार से नहीं सोई हैं क्योंकि वे अपने परिवार, दोस्तों और प्रियजनों के साथ वक्त बिता रही हैं और बेहद खुश हैं।
ऐश्वर्या ने अपने घर जनक में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, मैं बधाइयों के लिए सबको धन्यवाद देती हूं। आज का दिन एक प्यारा सा दिन रहा। मैंने अपना समय अपने परिवार, दोस्तों और प्रियजनों के साथ बिताया। पिछली रात मेरा पूरा परिवार और दोस्त घर आए थे और मैं पिछली रात से सोई नहीं हूं। बिटिया आराध्या भी जल्दी उठ गई और इसलिए दिन व्यस्तताभरा रहा। उन्होंने कहा, मेरी कोई बंधी-बंधाई दिनचर्या नहीं है। मैं बस अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताती हूं। ऐश्वर्या का कहना है उन्हें लगता कि वे खुशनसीब हैं। अपनी खूबसूरती के राज पर इस सौन्दर्य की देवी का कहना है कि यह तो देखने वालों की नजर है।
ऐश्वर्या ने अपना जन्मदिन पति अभिषेक, ससुर अमिताभ बच्चन, सास जया बच्चन, अपने माता-पिता, बिटिया आराध्या और दोस्तों, प्रियजनों के साथ मनाया।