जयपुर - दो मैच, 459 रन, 25 छक्के (पहले में 18 और दूसरे में सात) और 41 चौके। ये विराट नहीं, 18 वर्ष के आदित्य गढ़वाल का रिकॉर्ड है। आदित्य गढ़वाल ने अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी के एक मैच में रेलवे के खिलाफ खेलते हुए पहले नाबाद दोहरा शतक बनाया, उसके बाद दूसरे दिन भी शतक ठोका। क्रिकेट में यह पहला मौका है, जब किसी बल्लेबाज ने 50 ओवर के मैच (दो मैच) में लगातार दो दिन में 459 रन ठोक दिए।
आदित्य ने रेलवे के खिलाफ मैच में नॉट आउट 263 रन ठोक कर सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड बनाया। फिर बुधवार को गढ़वाल ने मध्य प्रदेश के खिलाफ 196 रन बनाए। हालांकि, शानदार फॉर्म में चल रहे गढ़वाल अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी वनडे क्रिकेट में लगातार दूसरा दोहरा शतक लगाने के रिकॉर्ड से महज चार रन से चूक गए। नई दिल्ली के ग्रेटर नोएडा यूनिवर्सिटी मैदान पर बुधवार को खेले गए मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच में आदित्य ने 196 रनों की पारी खेली। उनकी बेहतरीन पारी की मदद से टीम राजस्थान ने 142 रन से जीत दर्ज की। पहले मैच में आदित्य ने रेलवे के खिलाफ नाबाद 263 रन की रिकॉर्ड पारी खेली थी।
इस युवा बल्लेबाज ने मध्य प्रदेश के खिलाफ 137 गेंदों में 19 चौके और सात छक्के उड़ा 196 रन बनाए। टीम राजस्थान ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 326 रन का स्कोर खड़ा किया। आदित्य के अलावा महिपाल सिंह ने 50 रन का योगदान किया। जवाब में मध्य प्रदेश की टीम 38.1 ओवर में 184 रन पर ढेर हो गई। शानदार शतक बनाने वाले आदित्य ने गेंदबाजी में भी हाथ दिखाते हुए 26 रन देकर चार विकेट झटके।