नई दिल्ली - भारतीय हॉकी टीम को 6 से 14 दिसंबर तक भुवनेश्वर में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में कठिन ग्रुप मिला है जिसमें उसके साथ ओलंपिक चैंपियन जर्मनी और विश्व कप उपविजेता नीदरलैंड्स जैसी टीमें हैं। पूल बी में भारत के साथ 2014 विश्व कप कांस्य पदक विजेता अर्जेंटीना भी है।
पूल ए में विश्व कप विजेता और गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता इंग्लैंड, यूरो नेशंस रजत पदक विजेता बेल्जियम और एशियाड स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तान हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी की 1978 में शुरुआत के बाद से पाकिस्तान स्वर्ण जीतने वाली एकमात्र एशियाई टीम है। उसे 2012 में मेलबोर्न में हुए टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रहने के कारण 2014 में जगह मिली।
टूर्नामेंट के पहले दिन आठों टीमें मैदान पर होंगी। करीब 5,000 की क्षमता वाले कलिंगा स्टेडियम पर ये मुकाबले खेले जाएंगे।