बिलबाओ - पांच बार के विश्व चैंपियन और सुपर ग्रैंड मास्टर भारत के विश्वनाथन आनंद ने विश्व शतरंज चैंपियनशिप से पहले अपने आखिरी टूर्नामेंट बिलबाओ फाइनल मास्टर्स में अपने अभियान की शुरुआत पूर्व फिडे विश्व चैंपियन यूक्रेन के रूसलान पोनोमारियोव को धमाकेदार अंदाज में हराकर की।
आनंद को नवंबर में नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन के खिलाफ सोच्चि में विश्व चैंपियनशिप मुकाबला खेलना है और इस जीत से उन्होंने दिखाया कि वे इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं। फुटबॉल जैसी अंक प्रणाली रखने वाले इस टूर्नामेंट में आनंद को इस जीत से 3 अंक हासिल हुए।
आनंद ने किंग्स इंडियन डिफेंस में सफेद मोहरों से खेलते हुए पोनोमारियोव को पूरी बाजी के दौरान दबाव में रखा। आनंद ने 19वीं चाल में किलेबंदी की जिसके बाद पोनोमारियोव के लिए बचना मुश्किल हो गया।
पोनोमारियोव ने 61वीं चाल तक संघर्ष किया और फिर समर्पण कर दिया। दूसरी ओर एरोनियन और फ्रांसिस्को के बीच बाजी 46 चालों में बराबरी पर छूट गई।