मुंबई - अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग लिमिटेड को उसके रिकॉर्ड ब्रेकिंग आईपीओ के लिए बहुत ज्यादा ऑर्डर मिले हैं। अलीबाबा के आईपीओ प्रोसेस से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि जिस दिन अलीबाबा का आईपीओ लांच होगा, उसके दो दिन में यह पूरी तरह से सब्सक्राइब हो जाएगा। इस आईपीओ का बहुत बेसब्री से इंतजार हो रहा है। ऐसे संकेत मिले हैं कि अलीबाबा के आईपीओ की कीमत 60 डॉलर से लेकर 66 डॉलर के बीच रह सकती है।
चीन की ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा ने इस पर अभी अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अलीबाबा के आईपीओ से 21.1 अरब डॉलर की राशि इकट्ठा होने की उम्मीद की जा रही है, जो कि 2012 में आए फेसबुक के आईपीओ से काफी ज्यादा होगा। फेसबुक ने आईपीओ के जरिये 16 अरब डॉलर की राशि जुटाई थी। अलीबाबा का आईपीओ अब तक का सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी आईपीओ होगा।
अलीबाबा, दुनिया के सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड भी बना सकता है यदि इसने मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त शेयरों की बिक्री की तो यह 24.3 अरब डॉलर की राशि जुटा लेगा और इस राशि के साथ यह एग्रीकल्चरल बैंक ऑफ चाइना लिमिटेड को भी पीछे छोड़ देगा, जिसने 2010 में आईपीओ के जरिये 22.1 अरब डॉलर की राशि जुटाई थी।