दुबई - अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर और अभी वन-डे रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज सईद अजमल को उनका गेंदबाजी एक्शन गैरकानूनी पाए जाने के बाद मंगलवार को निलंबित कर दिया है।
आईसीसी ने बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद पुष्टि करती है कि स्वतंत्र विश्लेषक ने पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर सईद अजमल का गेंदबाजी एक्शन गैरकानूनी पाया और इसलिए इस खिलाड़ी को तुरंत प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने से निलंबित कर दिया गया है।
इस 36 वर्षीय गेंदबाज के एक्शन के विश्लेषण से पता चला कि उनकी सभी गेंदें नियमों का उल्लंघन करती हैं। नियमों के अनुसार कोई गेंदबाज 15 डिग्री तक कोहनी मोड़ सकता है लेकिन अजमल गेंदबाजी करते समय इस सीमा से अधिक कोहनी मोड़ते हैं। आईसीसी ने कहा कि अजमल के एक्शन की रिपोर्ट पिछले महीने श्रीलंका के खिलाफ गाले में पहले टेस्ट मैच के बाद की गई। वे संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए रिपोर्ट किए गए गेंदबाजों की समीक्षा के लिए बने नियम के खंड 2.4 के अनुसार अपने गेंदबाजी एक्शन में सुधार करने के बाद इसके फिर से आकलन के लिये आवेदन कर सकते हैं।