स्पेन - भारतीय निशानेबाजों को आज से शुरू होने वाली 51वीं विश्व चैंपियनशिप में कई मुश्किलों से पार पाना होगा। विश्व चैंपियनशिप में कई ओलंपिक कोटे दांव पर लगे हैं।
भारतीयों की निगाहें ओलंपिक कोटा हासिल करने पर ही लगी हैं, क्योंकि 2016 ओलंपिक खेलों के लिए कुल 64 कोटे कठिन महाद्वीपीय टूर्नामेंटों के जरिए हासिल किए जा सकेंगे जिससे रियो डि जनेरियो की चुनौतीपूर्ण यात्रा की शुरुआत होगी।
100 देशों के 2,000 से ज्यादा निशानेबाज ग्रेनाडा के बाहरी हिस्से लास गाबियास में सीईएआर जुआन कालरेस वन शूटिंग रेंज में अगले 12 दिनों तक टूर्नामेंट की 50 से अधिक स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल करने की कोशिश करेंगे। चैंपियनशिप के पहले दिन भारतीयों में बीजिंग ओलंपिक स्वर्ण पदकधारी अभिनव बिंद्रा, संजीव राजपूत और शीर्ष ट्रैप निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट में अन्य भारतीय दावेदारों में गगन नारंग, विजय कुमार, जीतू राय, अनीसा सैयद, राही सरनोबत, हिना सिद्धू, लज्जा गोस्वामी, अयोनिका पॉल और प्रकाश नानजप्पा के नाम प्रमुख हैं।