लंदन - भारत के उभरते हुए तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने मौजूदा काउंटी सत्र के लिए डरहम क्रिकेट क्लब के साथ करार किया है। आरोन टीम में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जॉन हास्टिंग्स की जगह लेंगे, जो सितम्बर 2014 के अंत में भारत में आयोजित चैंपियंस लीग में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलेंगे।
काउंटी ने बयान में कहा कि डरहम काउंटी क्रिकेट क्लब को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि वरुण आरोन सत्र के अंतिम कुछ हफ्तों के लिए विदेशी खिलाड़ी के रूप में क्लब से जुड़ेंगे।
काउंटी ने कहा कि भारत का यह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जॉन हास्टिंग्स की जगह लेने को तैयार है जिन्हें चैंपियंस लीग टी-20 प्रतियोगिता में चेन्नई सुपरकिंग्स का प्रतिनिधित्व करने के लिए बुलाया गया है। आरोन एलवी काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम दो मुकाबलों में नॉर्थम्पटनशायर और वारविकशायर के खिलाफ खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।