मुंबई - मारुति सुजुकी भारत का सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है। लेकिन अब भी प्रीमियम सिडान सेगमेंट में इसकी बहुत ज्यादा हिस्सेदारी नहीं है। ह्युंडे, फोर्ड और होंडा ने इस सेगमेंट में मारुति को काफी पीछे छोड़ रखा है। मारुति एसएक्स 4 कई खूबियों के बावजूद ग्राहकों को लुभाने में नाकामयाब रही। इसी बार को ध्यान में रखते हुए मारुति सुजुकी ने अपनी प्रीमियम कार सियाज़ को भारतीय सडक़ों पर उतारा है।
एक बड़ी, लग्ज़री और शानदार लुक्स से लैस इस कार से मारुति अपने प्रतिद्वन्दियों को प्रीमियम सेगमेंट में तगड़ी टक्कर देने का मन बना चुकी है। इस मॉडल को बनाने के लिए मारुति ने पिछले 6 महीनों में 600 करोड़ का निवेश किया है। इस लिहाज से सियाज को मारुति सुजुकी के लिए गेम चेंजर माना जा रहा है।
सियाज के पेट्रोल वेरिएंट में 1.4 लीटर ,1400 सीसी पेट्रोल इंजिन फिट है और डीज़ल वेरिएंट में 1.3 लीटर मल्टीजेट 1300 सीसी इंजिन लगा है। मारुति सुजुकी का दावा है कि सियाज़ अपनी श्रेणी में देश की सबसे अधिक माइलेज देने वाली कार होगी। कंपनी का दावा है कि डीजल वेरिएंट एक लीटर में 26.1 किमी का माइलेज देगी। वहीं पेट्रोल इंजन वाली कार 20.73 किमी प्रति लीटर की माइलेज देगी।