हरारे - ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के शनिवार को यहां होने वाले फाइनल में भले ही अपनी टीम का पलड़ा भारी मान रहे हैं लेकिन दोनों टीमें इसमें कोई-कसर नहीं छोड़ेंगी और इसलिए मुकाबला रोचक होने की संभावना है। ऑस्ट्रेलिया को इस श्रृंखला के दौरान जिम्बाब्वे से हार का सामना करना पड़ा लेकिन उसे फाइनल में जगह बनाने में कोई दिक्कत नहीं हुई जबकि दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को मेजबान को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
फाइनल से पहले हालांकि दक्षिण अफ्रीका की दिक्कतें बढ़ गई हैं। जॉनसन पहले ही उसके ऑलराउंडर रेयान मैकलारेन को चोटिल करके स्वदेश भेज चुके हैं जबकि तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल और ऑलराउंडर जेपी डुमिनी की पुरानी चोट उबर आई है और उनका शनिवार को खेलना संदिग्ध है। इसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका को कमजोर आंकना मुश्किल है।
लेकिन जॉनसन ने दावा किया है कि वे दक्षिण अफ्रीका की रणनीति की भविष्यवाणी कर सकते हैं और उनकी टीम अपने इस प्रतिद्वंद्वी की तुलना में अधिक प्रतिभा संपन्न है।