न्यूयॉर्क - स्टार खिलाड़ी मारिया शारापोवा दुनिया की पूर्व नंबर एक कैरोलीन वोज्नियाकी के हाथों शिकस्त के साथ अमेरिकी ओपन से बाहर हो गई। उनकी हार के साथ महिला एकल में शीर्ष 8 में से सिर्फ 2 वरीय खिलाड़ी बची हैं।
स्पेन के चौथे वरीय डेविड फेरर को पुरुष एकल में शिकस्त का सामना करना पड़ा। वे पुरुष एकल में अब तक बाहर होने वाले सबसे बेहतर रैंकिंग वाले खिलाड़ी हैं। 5 बार की ग्रैंडस्लैम विजेता और यहां 2006 में खिताब जीतने वाली शारापोवा को डेनमार्क की 10वीं वरीय वोज्नियाकी ने कड़े मुकाबले में 6-4, 2-6, 6-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
जनवरी में फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाली शारापोवा को 43 सहज गलतियां और 8 डबल फॉल्ट करने का खामियाजा भुगतना पड़ा। अंतिम गेम में भी शारापोवा की सर्विस तोडक़र क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका सामना इटली की 13वीं वरीय सारा एरानी से होगा। सारा ने क्रोएशिया की 32 साल की क्वालीफायर मिरजाना लूचिच बारोपी को 3 सेट में 6-3, 2-6, 6-0 से हराया।