हरारे - तेज गेंदबाजों के जोरदार प्रदर्शन के बूते दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे की चुनौती पर काबू पाते हुए त्रिकोणीय श्रंखला में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। प्रोस्पर उत्सेया ने जिम्बाब्वे की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक समेत पांच विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की पारी 231 रन पर समेट दी थी, लेकिन बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण जीत दूर रह गई।
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी लेकिन उसका यह फैसला गलत साबित हुआ। दक्षिण अफ्रीकी सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के 24.2 ओवर में 142 रन ठोक डाले। लेकिन इसके बाद प्रोस्पर उत्सेया ने पहले हाशिम अमला को आउट किया। इसके बाद अगले ओवर में लगातार तीन गेंदों में डी कोक, रिली रोसाऊ और डेविड मिलर को चलता कर हैट्रिक बनाई। जिम्बाब्वे की ओर से हैट्रिक बनाने वाले वे दूसरे गेंदबाज है। इन झटकों से दक्षिण अफ्रीका संभल नहीं पाया और 231 पर सिमट गया। जवाब में जिम्बाब्वे की शुरूआत खराब रही और 46 रन पर उसके तीन विकेट गिर गए।
जिम्बाब्वे के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए और नियमित अंतराल में उनके विकेट गिए गए। उनकी पूरी पारी 38.3 ओवर में 170 रन पर सिमट गई। उत्सेया को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रिली रोसोऊ ने दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के एक अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। रोसोऊ लगातार दूसरे मैच में पहली ही गेंद पर आउट हो गए। वे अपने पहले मैच में भी पहली गेंद पर आउट हुए थे। सचिन भी अपने कॅरियर के पहले दो मैचों में बिना खाता खोले आउट हुए थे।