दुबई - अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड रिचर्ड्सन ने अगले वर्ष ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले विश्व कप की तैयारियों पर संतोष जताया है। उन्हें मेलबोर्न और वेलिंगटन में 25 से 27 अगस्त तक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा उन्होंने 14 स्टेडियमों में सुविधाओं का जायजा भी लिया। तीन दिन की बैठकों में रिचर्ड्सन को मैचों के दिन और उससे अलग वेन्यू ऑपरेशंस, इवेंट मैनेजमेंट, सुरक्षा, टिकट व मार्केटिंग, मेजबान शहरों की तैयारी, मीडिया व प्रसारण कार्य, जनसंपर्क संबंधी पहलुओं की जानकारी दी गई।
रिचर्ड्सन ने वेलिंपिक में विश्व कप बोर्ड बैठक में भी भाग लिया, जिसमें विश्व कप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉन हार्नडेन, न्यूजीलैंड विश्व कप के प्रमुख थेरेसे वाल्श, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के अध्यक्ष वेली एडवर्ड्स, न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के सदस्य ग्रेग बार्कले और सीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड ने भी भाग लिया। बैठकों के बाद रिचर्ड्सन ने कहा- इन बैठकों में मिली जानकारियों से मेरा विश्वास बढ़ा है कि यह विश्व कप यादगार रहेगा। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के क्रिकेटप्रेमियों को बेहतरीन क्रिकेट की सौगात मिलने जा रही है। विश्व कप का आगाज 14 फरवरी को न्यूजीलैंड व श्रीलंका के मैच से होगा जबकि फाइनल 29 मार्च को खेला जाएगा। इस दौरान 14 शहरों में 29 मैच खेले जाएंगे।