मुंबई - इंटरपोल ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को अपने टर्न बैक क्राइम कैम्पेन का एम्बेसेडर बनाया है। शाहरुख पहले भारतीय हैं जिन्हें इस ग्लोबल कैम्पेन का हिस्सा बनाया है। शाहरुख पर जिम्मेदारी होगी वे समाज में कानून का पालन करने और अपराध के खिलाफ लडऩे के लिए लोगों को जागरूक करें।
शाहरुख ने कहा यह मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है कि मैं इंटरपोल के टर्न बैक क्राइम कैम्पेन का एम्बेसेडर हूं। महात्मा गांधी ने एक बार कहा था कि मैं पृथ्वी पर किसी से नहीं डरता हूं। मुझे सिर्फ भगवान का डर है। मैं किसी किस्म का अन्याय बर्दाश्त नहीं करूंगा। मैं सत्य से असत्य पर विजय पाऊंगा। हमें इस पर विश्वास करना चाहिए। हम सब मिलकर उन कुछ लोगों से लड़ सकते हैं जो समाज में अपराध करते हैं।
शाहरुख के पहले जैकी चेन, लिओनी मैस्सी, फर्नाडो एलोंसो जैसी सेलिब्रिटीज इस कैम्पन से जुड़ी हैं। इंटरपोल के सेक्रेटरी जनरल रोनाल्ड के. नोबल कहते हैं शाहरुख खान ने पूरे समर्पण के साथ अपनी फिल्मों के जरिये दुनिया भर में फैले लोगों के जीवन में खुशियां लाई हैं। यह हमारे लिए भी गौरव की बात है कि वे इंटरपोल के कैम्पेन से जुड़े।