कोपेनहेगन - लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने रूस की नतालिया पर्मिनोवा को मंगलवार को यहां सीधे सेटों में हराकर विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप के महिला एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई।
सातवीं वरीय सइना ने नतालिया को 21-11, 21-9 से हराया। साइना अगले दौर में जापान की 13वीं वरीय सयाका ताकाहाशी और बुल्गारिया की पेत्या नेदेलचेवा के बीच होने वाले मैच की विजेता से भिड़ेंगीं।
महिला एकल में चुनौती पेश कर रहीं एक अन्य भारतीय खिलाड़ी 11वीं वरीय पीवी सिंधू कल दूसरे दौर में रूस की ओल्गा गोलोवानोवा से भिड़ेंगीं। सिंधू को भी पहले दौर में बाई मिली थी।
पुरुष एकल में अजय जयराम भी दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे। उन्होंने चौथे वरीय और अपने से बेहतर रैंकिंग वाले जापान के केनिची टैगो के खिलाफ वॉकओवर मिला। जयराम अगले दौर में थाईलैंड के तानोंगसाक सेनसोमबूनसुक से भिड़ेंगे जिन्होंने पहले दौर में स्काटलैंड के कीरन मेरिलेस को 21-16, 21-17 से हराया।