नई दिल्ली - मुक्केबाज जय भगवान और स्क्वॉश खिलाड़ी अनाका अलंकामोनी के नाम की सिफारिश अर्जुन पुरस्कार के लिए किए जाने पर हुए विवाद के बाद कपिल देव की अगुआई वाली चयन समिति ने आज दोबारा बैठक की और 15 खिलाडिय़ों की सूची में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया।
भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक जिजी थामसन ने कहा कि उन्होंने समीक्षा बैठक में सात खिलाडियों के नामों पर चर्चा की लेकिन अंतत: सर्वसम्मति बनी की पहली सूची में बदलाव करने की कोई जरूरत नहीं है। खेल मंत्रालय के पैनल की सिफारिशों से इनकार करने की संभावना नहीं है। मंत्रालय को अब इसी महीने होने वाले समारोह के लिए नामों को स्वीकृति देनी है। बता दें कि जय भगवान को चुनने और 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज मनोज कुमार की अनदेखी करने से विवाद हुआ था जिसके बाद समिति को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए बाध्य होना पड़ा।