नई दिल्ली - इंग्लैंड के खिलाफ करारी हार के बाद भारतीय मैनेजमेंट ने बदलाव का फैसला किया है। रवि शास्त्री को आनेवाली वनडे सीरीज के लिए डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट बनाया गया है। बीसीसीआई की प्रेस रिलीज के मुताबिक शास्त्री भारतीय टीम को गाइड करेंगे। जबकि डंकन फ्लेचर को कोच बनाए रखने का फैसला किया गया है। फील्डिंग कोच ट्रेवर पेनी और गेंदबाजी कोच जो डॉस को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में ब्रेक दिया गया है। जबकि पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर और बी अरुण को सहायक कोच की जिम्मेदारी दी गई है। वनडे सीरीज में आर श्रीधर फील्डिंग कोच होंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ मिली 3-1 से करारी हार के बाद कोच डंकन फ्लेचर के साथ धोनी को भी कप्तानी से हटाने की मांग उठ रही थी। लेकिन बीसीसीआई ने धोनी और कोच फ्लेचर पर अपना भरोसा कायम रखा है। बीसीसीआई ने वनडे सीरीज से पहले कोच डंकन फ्लेचर के सपोर्टिंग स्टाफ को ब्रेक देकर यह मैसेज देने का काम किया है कि अगर टीम का प्रदर्शन नहीं सुधरता है तो बीसीसीआई उन्हें भी ब्रेक दे सकती है। बीसीसीआई द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, सभी पदाधिकारियों से पिछले हफ्तों में हुई चर्चा के बाद बीसीसीआई ने पूर्व भारतीय कप्तान रवि शास्त्री की सेवाएं लेने का फैसला किया गया है। शास्त्री इंग्लैंड के साथ शुरू होने वाले वनडे सीरीज में भारतीय टीम का मार्गदर्शन करेंगे। क्षेत्ररक्षण कोच पेनी और गेंदबाजी कोच डावेस के बारे में बीसीसीआई ने आधिकारिक रूप से कहा है कि 25 अगस्त से शुरू हो रहे वनडे सीरीज से पहले उन्हें विराम दिया गया है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों को असल में पद से हटा दिया गया है लेकिन इस बारे में हम आखिरी फैसला सीरीज खत्म होने के बाद लेंगे। पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब के कोच थे।
बांगर के मार्गदर्शन में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम पहली बार आईपीएल फाइनल में पहुंची थी। लेकिन सवाल ये है कि आलोचना से बचने के लिए बीसीसीआई ने तालाब की छोटी मछलियों का शिकार कर सबकी आखों में धूल झोंकनी की कोशिश की है या फिर वाकई में ये उठाया गया ठोस कदम है। ओवल टेस्ट के तीसरे दिन मिली करारी हार को 48 गंटे भी नहीं बीते थे कि बीसीसीआई ने पहली बार आनन फानन में दौरे के बीच से ही सपोर्ट स्टाफ को आराम देने का पैसला किया। पूर्व टेस्ट कप्तानों और खिलाडिय़ों की ज़बरदस्त आलोचना के बाद बोर्ड ने इस दबाव के बाद वनडे सीरीज से पहले अहम बदलाव किया है।