भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने पोलैंड में होने वाले विश्व कप तीरंदाजी के चौथे चरण के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जानकारी के अनुसार शीर्ष वरीयता भारतीय तीरंदाजों की तिकड़ी तरुणदीप राय, जयंत तालुकदार और अतानु दास ने चीन को 5-4 से पराजित कर जबकि दीपिका कुमारी, बोम्बाल्या देवी लैशराम और लक्ष्मीरानी माझी की दूसरी वरीयता प्राप्त महिला टीम ने बीती रात अपने प्रतिद्वंद्वी जार्जिया को 6-2 से शिकस्त देकर संबंधित फाइनल्स में प्रवेश किया।
दोनों भारतीय टीमें कल यहां होने वाले टीम फाइनल्स में मेक्सिको के प्रतिद्वंद्वियों से भिड़ेंगी।
अभिषेक वर्मा और पुरवाशा शेंदे की कम्पाउंड मिश्रित जोड़ी फाइनल में पहुंच चुकी है, भारत ने इस तरह सत्र के आखिर के टूर्नामेंट से कम से कम तीन पदक पक्के कर लिए हैं।
इसके अलावा दीपिका रिकर्व व्यक्तिगत और तालुकदार के साथ मिश्रित जोड़ी में कांस्य पदक के लिए भिड़ेंगी।