लंदन - कबड्डी का खेल पूरी तरह से भारतीय है, लेकिन फिर भी यह विश्व कबड्डी लीग के जरिए 3 महाद्वीपों में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार है, जो रविवार से यहां शुरू होगी। बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा इस टूर्नामेंट में ग्लैमर का तडक़ा लगाएंगे।
इसमें भाग लेने वाली 8 टीमों में एक पाकिस्तानी टीम भी है। टूर्नामेंट 4 महीने में अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात और भारत में खेला जाएगा। सभी टीमों में अंतरराष्ट्रीय खिलाडय़िों की मौजूदगी इसे विशेष बनाती है जिसमें 2 टीमों के सह मालिक अक्षय (खालसा वॉरियर्स) और सोनाक्षी (यूनाइटेड सिंग्स) हैं।
हॉकी के महान खिलाड़ी परगट सिंह लीग के आयुक्त हैं। खालसा वॉरियर्स, यो यो टाइगर्स (रैप सिंगर हनी सिंह की टीम), वैंकुवर लायंस, पंजाब थंडर, लाहौर लायंस, यूनाइटेड सिंग्स, कैलिफोर्निया ईगल्स और रॉयल किंग्स विजेता टीम की 1.7 करोड़ रुपए की राशि का चेक हासिल करने के लिए एक-दूसरे से भिड़ेंगी।